अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मां तुझे प्रणाम अभियान के तहत झांसी रेंज के 71 पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अमर उजाला सम्मानित करेगा। एडीजी आलोक सिंह 22 अगस्त को दीनदयाल सभागार में आयोजित समारोह के दौरान उनको अपने हाथों से प्रशस्ति पत्र देकर उनकी सेवा के लिए सम्मानित करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर डीआईजी केशव चौधरी भी मौजूद रहेंगे।अमर उजाला के बैनर तले आयोजित होने वाले पुलिस शौर्य सम्मान समारोह में झांसी से 51, ललितपुर से 10 समेत जालौन से 10 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इन पुलिसकर्मियों ने पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए। इनमें कानून व्यवस्था, घटनाओं का समय पर सफल खुलासा, आपरेशन कनविक्शन के तहत अभियुक्तों को सजा दिलाने समेत जालौन में मध्य रात्रि के दौरान बाढ़ में फंसी बस से 46 यात्रियों को सकुशल बाहर निकालने में योगदान करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। अमर उजाला के साथ मुख्य प्रायोजक बसेरा वैलोसिटी कार्स-ब्लूवैल्स स्कूल, सह प्रयोजक सनफ्रान ग्रुप एवं आरएसवी ग्रुप, ब्राइडल ड्रीम सलून के अलावा अन्य सहयोगी भी शामिल हैं।