संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 70 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। वहीं स्टेशन के दिल्ली छोर पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज को भी स्टेशन की पुर्ननिर्माण योजना में शामिल कर लिया गया है।
बता दें कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के पुर्ननिर्माण की स्वीकृति मिलने से पहले रेलवे ने दिल्ली छोर पर प्लेटफॉर्म एक से लेकर पांच तक फुट ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दी थी। रेलवे ने तेजी से काम करते हुए ब्रिज के पिलर और स्लैब भी तैयार कर लिए थे। डेढ़ साल पहले भिलाई से ब्रिज पर चढ़ाने के लिए गर्डर मंगाकर मुस्तरा स्टेशन पर रखे थे। लेकिन, स्टेशन के पुर्ननिर्माण की घोषणा के बाद इसका काम रोक दिया गया। कई बार की बैठकों के बाद रेलवे ने इस ब्रिज को न तोड़ने का निर्णय करते हुए इसे नए स्टेशन की इमारत में शामिल कर लिया है।
इसके साथ ही यहां 70 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने को भी मंजूरी मिल गई है। जो पूरे स्टेशन को छत की तरह कवर कर लेगा। इस पर रेस्टोरेंट, शॉपिंग काम्पलैक्स सहित अन्य सुविधाएं होंगी। साथ ही यात्री स्टेशन के बाहर से सीधे ब्रिज पर चढ़कर लिफ्ट और एस्केलेटर से प्लेटफॉर्म पर उतर सकेंगे।
वर्जन
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के दिल्ली छोर पर बन रहे ब्रिज को स्टेशन की नई डिजाइन में शामिल कर लिया गया है। साथ ही यहां 70 मीटर चौड़ा और सभी सुविधा युक्त फुट ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा।
दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक, झांसी।