चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेतन न मिलने से परेशान
झांसी। पॉलिटेक्निक में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेतन न मिलने से परेशान हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लापरवाही के कारण उनका वेतन हर दूसरे माह में देरी से दिया जा रहा है। ऐसे में उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। चौकीदार लखनलाल ने बताया कि वेतन न मिलने से उसकी बेटी का रिश्ता नहीं हो सका। जबकि कई बार वह वेतन के लिए गुहार लगा चुका है। वहीं, राजेंद्र ने बताया कि फीस न भर पाने के कारण उसके बच्चों का प्रवेश अब तक स्कूल में नहीं हो सका है। शिकायत करने वालों में देवेंद्र प्रताप सिंह, अर्जुन सिंह, सुदेश यादव, राजेश वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।