अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज में 500 बेड के अस्पताल को दिसंबर में शुरू करने की तैयारी है। 100 बेड का ट्रॉमा सेंटर व 100 बेड की इमरजेंसी के लिए जीवन रक्षक उपकरणों की सूची बनाई जा रही है। डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की जरूरत का समिति आकलन कर रही है।
करीब 174 करोड़ रुपये से 500 बेड के अस्पताल की बिल्डिंग बनकर तैयार है। कॉलेज प्रशासन ने तय किया है कि इस अस्पताल में रोगी की जरूरत से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाएंगी। इसके अंदर पैथालॉजी लैब, ब्लड बैंक, एक्सरे, सीटी स्कैन आदि की व्यवस्था होगी। भूतल पर 100 बेड का ट्रॉमा सेंटर होगा और प्रथम तल पर 100 बेड की इमरजेंसी। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि 500 बेड का अस्पताल दिसंबर में शुरू करने का लक्ष्य है। तैयारियां की जा रही हैं। जल्द ही डॉक्टर व पैरामेडिकल कर्मियों की जरूरत का आकलन करके भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।