हंसारी से आने वाली हाईटेंशन लाइन पर आंधी के दौरान पेड़ गिरने के कारण बृहस्पतिवार को सीपरी बाजार क्षेत्र की एक लाख से अधिक आबादी पांच घंटे तक बिजली के बिना परेशान रही। आंधी के दौरान सभी सबस्टेशनों की बिजली को भी 20 से 30 मिनट तक बंद रखा गया। बृहस्पतिवार की दोपहर 3.30 बजे आंधी आने पर महानगर के सभी सबस्टेशनों की बिजली को बंद कर दिया गया। हालांकि, अधिकांश सबस्टेशनों की बिजली 20 से 30 मिनट बाद चालू हो गई, लेकिन सीपरी बाजार खालसा सबस्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में करंट नहीं दौड़ सका। कर्मचारियों ने फाल्ट का पता करने के लिए पेट्रोलिंग शुरू की तो पता चला कि टपरियन हंसारी के निकट एक पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। पेड़ गिरने से करीब तीन सौ मीटर तार टूटकर जमीन पर गिर गया। दोबारा तारों को खींचने का काम शुरू किया गया, जो रात 8.30 बजे पूरा हो सका। इसके बाद ही संबंधित क्षेत्रों की आपूर्ति को सामान्य बनाया जा सका। बिजली न आने के कारण सीपरी बाजार क्षेत्र के प्रेमगंज, नालगंज, रायगंज, जर्मनी, साहनी कॉलोनी, लहरगिर्द, टंडन रोड, कालीबाड़ी, छोटा माता मंदिर के पास, मसीहागंज, आवास विकास, संगम विहार, ब्रह्मनगर कॉलोनी, रसबहार कॉलोनी, नंदनपुरा व आसपास क्षेत्र के लोग परेशान रहे।