झांसी। बृहस्पतिवार को जमीयतुल कुरैश कमेटी की ओर से भगवंतपुरा स्थित रॉयल पैलेेस शादीघर में इज्तिमाई शादियाें का आयोजन किया गया। शादी समारोह में 40 जोड़ों के निकाह के साथ एक दूसरे को कुबूल किया। समारोह में नेताओं व सामाजिक संगठनों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। आयोजकों ने वर-वधू को उपहार भेंट किए।
शादी समारोह के आयोजन को लेकर आयोजक सुबह से ही भगवंतपुरा स्थित शादी घर में तैयारियों में जुट गए। बाराती और मेहमानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसका खास ख्याल रखा जा रहा था। सुबह करीब दस बजे से ही बरातों का आना शुरू हो गया था। आयोजकों ने बरातियों का फूलमाला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। धीरे-धीरे कर सभी चालीस बरातें शादी घर में दाखिल हो गईं। स्टेज पर दूल्हा और दुल्हन को लाकर निकाह की रस्म को अदा किया गया। निकाह के बाद बरातियों को भोजन कराया गया। कमेटी द्वारा वर-वधु को फ्रिज, अलमारी, सोफा सेट, पलंग, गैस चूल्हा, कपड़े, घरेलू सामानों के साथ ही आभूषण उपहार में दिए गए। मौजूद लोगों ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर विदा किया।
इस मौके पर हाजी नईम कुरैशी, चौधरी खुर्शीद, हाजी इसरार कुरैशी, मोहम्मद अख्तर रजा सुल्तानी, हाजी शब्बीर, चौधरी रहीस, रफीक अहमद, चौधरी नफीस तौसीफ अहमद, वाहिद अली, मोहम्मद सलमान, अजमेरी, इस्लाम, रफीक आदि मौजूद रहे।