संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। हेलीकॉप्टर की सैर करने के लिए रविवार को राजकीय संग्रहालय में सैलानियों की भीड़ उमड़ी। 327 सैलानियों ने वर्चुअल हेलीकॉप्टर की सैर की, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत राजकीय संग्रहालय में टाइम मशीन, वर्चुअल साइकिल राइड, इंटरएक्टिव बुक, नॉलेज, फाउंडेशन, डिजिटल फाउंटेन, बाइस्कोप के साथ ही वर्चुअल हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। मार्च में इसका शुभारंभ किया गया था। सैलानियों को बुंदेलखंड के इतिहास की जानकारी दी जा रही है। रविवार को राजकीय संग्रहालय के प्रत्येक भाग में सैलानियों की भीड़ रही। संग्रहालय के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार गौतम ने बताया कि मौसम ठीक होने के कारण 327 सैलानियों ने संग्रहालय में प्रवेश कर हेलीकॉप्टर की सैर की।