झांसी। प्रयागराज बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए नियुक्त कई परीक्षक परीक्षा लेने पहुंच ही नहीं रहे हैं। रविवार को डीआईओएस को जिले के 32 परीक्षा केंद्रों में परीक्षक न आने की शिकायत मिली। बताया जा रहा है कि परीक्षक फोन नहीं उठा रहे, तो किसी परीक्षक ने अपना नंबर ही गलत दर्ज कराया है। कई परीक्षकों ने बीमारी और कई ने घर में किसी आयोजन के चलते आने में असमर्थता जताई।
जिले में शनिवार से प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुरू हुईं थीं। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 23 और रविवार को 49 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। लेकिन इनमें से 32 परीक्षा केंद्र ऐसे हैं, जहां परीक्षकों के न आने से प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि निर्धारित नहीं हो पा रही है। दरअसल, प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए बोर्ड द्वारा स्कूल और विषयवार परीक्षक नियुक्त किए जाते हैं, स्कूल परीक्षकों से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए दिन तय करता है।
वहीं, कुछ स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि उनके स्कूल के लिए नियुक्त परीक्षक का नंबर ही गलत बता रहा है। 32 परीक्षा केंद्रों के लगभग डेढ़ हजार छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा परीक्षकों के न आने से प्रभावित हुई है। संगीत गायन, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, परिधान रचना एवं सज्जा, बुक क्राफ्ट और गृह विज्ञान विषय की परीक्षा प्रभावित हुई।
डीआईओएस ओपी सिंह के अनुसार बोर्ड को इस सभी के बारे में सूचना भेजी गई है, बोर्ड द्वारा इन परीक्षा केंद्रों पर नए परीक्षक तैनात किए जाएंगे। उधर, भगवती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा होनी थी। लेकिन स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रयोगशाला में कैमरे नहीं लगाए गए हैं, जिस कारण से प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो सकी।
इन केंद्रों में परीक्षक ही नहीं हुए नियुक्त
राजकीय इंटर कॉलेज समथर, श्री त्यागमूर्ति आत्माराम खेर इंटर कॉलेज, बड़ागांव इंटर कॉलेज में कृषि भौतिकी एवं जलवायु विज्ञान तृतीय और कृषि अभियंत्रण विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा होनी थी। लेकिन इन विद्यालयों में दो विषयों के लिए बोर्ड द्वारा परीक्षक ही नियुक्त नहीं किए गए।