झांसी। धौलपुर-बीना, ग्वालियर-झांसी समेत अन्य रेल खंड कोहरे की चपेट में हैं। इस वजह से सोमवार को शताब्दी समेत कुल 26 से अधिक सवारी गाड़ियां घंटों विलंब से पहुंची। आज सवारी गाड़ियां दो घंटे से लेकर सात घंटे तक विलंब से आईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पिछले करीब एक सप्ताह से कोहरे की मार ने ट्रेनोें की चाल बिगाड़ रखी है। दिल्ली की ओर आने-जाने वाली गाड़ियों में इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। सोमवार को शताब्दी एक्सप्रेस समेत समता एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, झांसी-लखनऊ इंटरसिटी विलंब से पहुंचीं। इसी तरह सियालदाह राजधानी (12313), श्रमशक्ति एक्सप्रेस (12452), झांसी इंटरसिटी (1109), कैफियत एक्सप्रेस (12225), स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस (12561), बीकानेर एक्सप्रेस समेत अन्य करीब तीन घंटे विलंब से पहुंची। वहीं, तमिलनाडु एक्सप्रेस (12622), कर्नाटका एक्सप्रेस (12628), दक्षिण एक्सप्रेस (12722), मालवा एक्सप्रेस (12920), राजधानी एक्सप्रेस के अलावा गाड़ी संख्या (11842), 12486, हमसफर (22867) समेत अन्य गाड़ियां भी विलंब से आईं।