ललितपुर। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आगामी 20 से 25 जनवरी तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जनपद स्तर पर सीनियर पुरुष व महिला वर्ग की ट्रायल्स प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, इसमें खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी झांसी मंडल की ओर से इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। यह जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक दीक्षित ने बताया कि आगामी 17 जनवरी को सीनियर पुरुष व महिला वर्ग की हॉकी, 18 जनवरी को कबड्डी और कुश्ती की जिला स्तरीय चयन व ट्रायल्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। ट्रायल्स प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिन में चार बजे से किया जाएगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं है, निर्धारित समय पर कोई भी खिलाड़ी इस ट्रायल्स प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकता है। इसके बाद झांसी के ध्यानचंद स्टेडियम में मंडल स्तरीय ट्रायल्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, जिला क्रीड़ा अधिकारी ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के निर्धारित कार्यक्रम के बारे में बताया कि 20 से 25 जनवरी तक हॉकी और 23 से 25 जनवरी तक कबड्डी व कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जाएगा।