कुख्यात अपराधी लेखराज यादव को जेल से छुड़ाने की साजिश रचने के आरोप में पूर्व विधायक दीप नारायण पिछले करीब सात माह से जेल में बंद हैं। इसके बाद पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अभी तक उनकी पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर चुकी। बुधवार शाम करीब पांच बजे सीओ श्वेता कुमारी की अगुवाई में नवाबाद इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा पुलिस बल के साथ कुर्की की कार्रवाई करने पहुंचे। भारी पुलिस अमला के मोंठ पहुंचते ही स्थानीय लोगों में हलचल तेज हो गई। पुलिस सबसे पहले मून इंटरनेशनल स्कूल पहुंची। यहां पुलिस ने डुग्गी पीटने के बाद कुर्की की कार्रवाई शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने वीरागंना लक्ष्मीबाई आईटीआई कॉलेज, टीकाराम महाविद्यालय एवं राम मनोहर लोहिया आईटीआई कॉलेज पहुंचकर इनको भी कुर्क कर दिया। इन संपत्तियों की कुल लागत 183 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, जिलाधिकारी की ओर से डीआईओएस को इनका प्रशासक बनाया गया है। अब डीआईओएस ही इन शैक्षिक संस्थानों के सभी कार्य संचालित करेंगे। यह शैक्षिक संस्थान बंद नहीं किए जाएंगे। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार प्रभात सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, मोंठ इंस्पेक्टर संजय गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।