झांसी। बहु प्रतीक्षित केन-बेतवा लिंक परियोजना का खाका खींचने 18 मई को राष्ट्रीय जल अभिकरण की सात सदस्यीय टीम झांसी पहुंचेगी। टीम की अगुवाई महानिदेशक भोपाल सिंह करेंगे। महानिदेशक भोपाल सिंह को ही केन-बेतवा लिंक परियोजना के कार्यकारी सीईओ की कमान दी गई है। टीम के यहां पहुंचने से पहले सिंचाई अभियंता इसकी तैयारियों में जुट गए। टीम यहां पहुंचकर मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के बीच जल प्रबंधन समेत दोनों प्रदेशों के प्रशासनिक बंटवारे की रूपरेखा तय करेगी। इसके बाद टीम के सदस्य प्रस्तावित परियोजना स्थल की साइट देखने जाएंगे। अधीक्षण अभियंता शीलचंद्र उपाध्याय के मुताबिक टीम 19 मई को पन्ना जाएगी। यहां से 20 मई को बांदा जाकर वहां साइट देखेगी। इस टीम के आने के बाद परियोजना का काम आगे बढ़ने की उम्मीद है।