झांसी। सीपरी बाजार थाने के पॉश इलाके मिशन कंपाउंड में चोरों ने दिन-दहाड़े एक घर से करीब सोलह लाख के गहने समेत दो लाख रुपये नकद उड़ा दिए। चोरी का पता चलते ही परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। परिवारवालों ने यह गहने बेटी की शादी के लिए रखे थे।
मिशन कंपाउंड निवासी जीतू जैन एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी पत्नी अध्यापक हैं। रोज की तरह शुक्रवार सुबह पत्नी स्कूल में पढ़ाने चली गईं। छोटी बेटी भी स्कूल चली गई। जीतू ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब एक बजे उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह अंदर गईं तब अलमारी का पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। मां ने जब अलमारी को देखा तब उसमें रखे सारे गहने गायब थे। उनकी मां ने उन्हें जानकारी दी। थोड़ी देर में वह भी घर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर इंस्पेक्टर जेपी पाल भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की। जीतू का कहना है अगले माह उनकी बड़ी बेटी की शादी तय है। इस वजह वह सारा जेवर घर ले आए थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक लिखित तहरीर नहीं दी गई है हालांकि पड़ताल शुरू कर दी गई है।
बगल में पूर्व विधायक का भी है घर
झांसी। जिस घर में चोरी हुई उसके ठीक बगल में ही पूर्व विधायक कैलाश साहू का घर है जबकि दूसरी तरफ पूर्व ब्लॉक प्रमुख चरन सिंह यादव का आवास है। इस वजह से इस पूरे इलाके में हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है। जिस घर में चोरी हुई वह घर भी मुख्य सड़क के पास में ही है।