दो ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित
झांसी। शौचालय निर्माण में लापरवाही सामने आने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने मोंठ विकासखंड के दो ग्राम पंचायत अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। स्वच्छ भारत मिशन केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। बावजूद, इसमें लापरवाहियां सामने आ रही हैं। विकासखंड मोंठ के इमिलिया स्टेट, बांगरी, बुड़ेराघाट, छेंवटा एवं बड़ोखरी के ग्राम पंचायत अधिकारी प्रदीप कुमार को क्षेत्र में 324 शौचालयों के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई थी। शौचालयों का शत प्रतिशत निर्माण पूर्ण किया जाना था। लेकिन, 120 शौचालय ही पूर्ण कराए गए। जबकि, 204 अवशेष हैं। इसी प्रकार पांडौरी, तालौड़, जौरा, भौंराघाट, टांडा एवं सेना के ग्राम पंचायत अधिकारी पिंटू को 408 शौचालयों के निर्माण के लिए बजट दिया गया था, लेकिन 169 ही पूर्ण हो पाए। 239 शौचालय अवशेष हैं।
उक्त लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी अष्ट प्रकाश त्रिपाठी उक्त दोनों ग्राम पंचायत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।