तीन दुकानों से लिए खाद्य सामग्री के नमूने
तालबेहट। गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटी और दूषित सामग्री की ब्रिकी पर रोक लगाने के लिए नगर में व्यापक स्तर पर छापामारी कर तीन दुकानों से मिठाईयों के नमूने लिए। टीम को देखकर अन्य दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद करके भाग गए। मंगलवार को कुछ लोगों ने रक्षाबंधन पर्व पर दूषित और मिलावटी मिठाइयों के कारोबार पर रोक लगाने के संबंध में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को शिकायती पत्र दिया था। इसके परिपेच्छ में गुरुवार को उपजिलाधिकारी आजाद भगत सिंह एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी विनोद सिंह की अगुवाई में वरिष्ठ खाद्य निरीक्षक केएन त्रिपाठी ने नगर के पुराने बस स्टैंड के पास छापामार कर मनोज बट्टा एवं राहुल शिवहरे की दुकान से बेसन के लड्डू के नमूने तथा राजेंद्र की दुकान से बूंदी का नमूना लिया। टीम के आने की सूचना पर अन्य दुकानदार अपने अपने प्रतिष्ठान बंद करके भाग गए। टीम में वीके श्रीवास, प्रशांत मलैया, अरविन्द्र साहू और सूर्य लाल आदि प्रमुख रूप से रहें। इस मौके पर अभिहित अधिकारी विनय कुमार ने समस्त नगर वासियों से बर्क लगी एवं रंगीन मिठाईयों का प्रयोग न करने की अपील भी की।