आज खुल सकते हैं माताटीला बांध के गेट
तालबेहट। मध्य प्रदेश सहित ऊपरी भागों में हो रही बारिश का असर अब क्षेत्र के नदी नालों और बांधों में दिखने लगा है। इसके चलते माताटीला बांध में जल स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। वहीं, प्रशासन ने बांध के भराव क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सावधान रहने के लिए सचेत कर दिया है। कुछ दिनों से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और विदिशा में हो रही बारिश को असर अब दिखाई पड़ने लगा है। राजधाट बांध से तेजी से छोड़े जा रहे पानी के चलते माताटीला का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक माताटीला को जल स्तर 1050 के स्तर पर था। अवर अभियंता संजय कुमार के अनुसार बांध को स्तर 1010 है। जिस तेजी से ऊपर से पानी आ रहा है उससे लगता है बृहस्पतिवार को बांध के गेट खुल सकते है। वहीं, बांध के गेट खुलने की संभावना को देखते हुए राजस्व विभाग ने भी बॉध के भराव वाले क्षेत्र गेवरा गुंदेरा, भैंसनवारा, राजपुर कोटरा, वर्मा विहार आदि गांवों में लोगों को सचेत कर दिया।