दूसरे दिन लगा शिविर, नालियों में छिड़की दवा
तालबेहट। बौलारी में डेंगू फैलने के बाद शनिवार को गांव के बररयाना और सवर्ण बस्ती में शिविर लगा कर मरीजों को उपचार किया गया। डेंगू का एक संभावित मरीज मिलने के कारण उसकी जांच सोमवार को मेडिकल कालेज झांसी में कराने का आश्वासन दिया। बौलारी में डेंगू फैलने की खबर के बाद शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार के निर्देश पर डॉ. अनिल गुप्ता की अगुवाई में एक टीम ने गांव में दो जगह शिविर लगा कर लगभग चार दर्जन मरीजों का उपचार किया। टीम ने गांव में जाकर बुखार से पीड़ित 18 मरीजों के खून की जांच तथा 15 की किट द्वारा मलेरिया जांच की। टीम को गांव में एक मरीज डेंगू से पीड़ित नजर आया, जिसकी सोमवार को मेडिकल कालेज झांसी में जांच कराने का आश्वासन दिया। टीम ने डेंगू से बचाव से संबंधित पंफलेट भी वितरित किए और ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों से रोकथाम के बारे में जानकारी भी दी। इसके बाद टीम ने पूरे क्षेत्र में घूमकर दो मुहल्लों की आधा दर्जन नालियों में टेनीफास दवा का छिड़काव कराया और गांव में दस बंद जलस्रोतों को खुलवाया। टीम के सदस्य डॉ. अनिल गुप्ता ने ग्रामीणों को किसी भी सूरत में गांव में जलभराव न होने देने के लिए सचेत किया।