महाराष्ट्र, गुजरात व दक्षिण भारत से आईं अलग- अलग श्रमिक एक्सप्रेस से बुधवार को मंडल के अगल- अलग स्टेशनों पर 15 हजार मजदूर अपने घर जाने के लिए उतरे। इसी तरह चार हजार से अधिक मजदूरों को झांसी से चार और ललितपुर से एक श्रमिक एक्सप्रेस चलाकर रवाना किया गया। रेलवे प्रतिदिन श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाता जा रहा है। बुधवार को 24 घंटे के दौरान अलग- अलग राज्यों से आईं 12 से अधिक गाड़ियों से झांसी, ग्वालियर, उरई, छतरपुर, टीकमगढ़ स्टेशन पर उतरे। इन मजदूरों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बसों में बिठाकर घरों के लिए रवाना किया गया। इसी तरह बुधवार को झांसी रेलवे स्टेशन से तीन ट्रेनें गोरखपुर, एक वाराणसी व ललितपुर स्टेशन से एक ट्रेन गोरखपुर की तरफ भेजी गई। दो ट्रेनें दोपहर, दो शाम व एक रात को रवाना की गईं। जो ट्रेनें शाम के वक्त रवाना हुईं, उनमें सवार होने वाले श्रमिकों को एक साथ ही रेलवे स्टेशन पर बसों से लाया गया। इन लोगों को रेलवे स्टेशन के सामने यात्री शेड के पास धूप में खड़ा किया, जिससे वे गर्मी से बेहाल रहे।