अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वैश्विक निवेशक सम्मेलन (ग्लोबल इन्वेटर्स समिट) में झांसी के लिए मिले 62 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर आने के लिए तैयार हैं। यहां 123 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। लखनऊ में 19 फरवरी को होने जा रहे भूमि पूजन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झांसी में स्थापित होने जा रहीं इकाइयों की भी नींव रख सकते हैं। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
फरवरी 2022 में लखनऊ में हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन में झांसी में निवेश के लिए 116 एमओयू हुए थे। इनमें साबुन की फैक्टरी, फूड प्रोसेसिंग, ई-व्हीकल समेत तमाम उद्योगों के लिए अलग-अलग कंपनियों ने रुचि दिखाई। इसके बाद लगातार कंपनियों ने सरकार से करार किया और अकेले झांसी में उद्यम की स्थापना के लिए 317 एमओयू किए गए।
इनमें से 123 निवेशक ऐसे हैं, जो अपनी इकाई की स्थापना करके यहां काम शुरू करने जा रहे हैं। यह निवेशक झांसी में 62,418 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इन 123 इकाइयों की आधारशिला 19 फरवरी को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने जा रहे भूमि पूजन समारोह में रखी जाएगी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आने की संभावना भी जताई जा रही है। इसे लेकर उद्योग विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दीं गईं हैं। 123 इकाइयों की सूची बनाने के साथ ही निवेशकों को कार्यक्रम की सूचना दे दी गई है। साथ ही शासन को भी जानकारी दी गई है।
-
वर्जन
लखनऊ में 19 फरवरी को भूमि पूजन समारोह होने जा रहा है। इसमें झांसी की 123 इकाइयों की आधारशिला रखी जाएगी। इकाइयां यहां 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रहीं हैं। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं। - मनीष चौधरी, उपायुक्त उद्योग