झांसी। सिमरहा गांव में 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी बड़ी बहन और मां काम पर गईं थीं पड़ोसी किसी काम से घर पर पहुंचे तो छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
सदर बाजार निवासी मुस्कान पाल (17) सिमरहा गांव की मथुरा कॉलोनी की रहने वाली थी। मौसेरे भाई अजय का कहना है मुस्कान 11वीं कक्षा में पढ़ रही थी। पिछले माह परीक्षा खत्म होने के बाद से वह घर पर रहती थी। बृहस्पतिवार को उसकी मां मजदूरी पर गई थी, बड़ी बहन भी काम पर निकली थी। शाम को पड़ोसी घर पर गए तो अंदर से दरवाजा बंद था। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, जब दरवाजा नहीं खुला तब उन लोगों ने पीछे के कमरे में लगी खिड़की से अंदर देखा।
कमरे के भीतर मुस्कान की लाश फंदे से लटकी थी। यह देखकर उन लोगों ने उसकी मां को यह बात बताई। सूचना पर सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों का कहना है कि मुस्कान के पिता श्यामलाल नवंबर 2022 में भाई दूज पर रतनगढ़ वाली माता के दर्शन करने गए थे। बाइक से लौटते वक्त चिरुला के पास सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। तीन बहनों में मुस्कान सबसे छोटी थी। सबसे बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।
उसकी मां का कहना है कि आत्महत्या की वजह उनको नहीं मालूम। सीओ सिटी राजेश राय का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसकी आत्महत्या की वजह की पड़ताल की जा रही है।