झांसी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश में आए प्रवासी श्रमिकों के खाते में एक- एक हजार रुपये की धनराशि भेजी। जिले के नौ हजार श्रमिकों को लाभ मिला। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीएम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएम ने झांसी सहित अन्य जनपदों के श्रमिकों से बात की और उनके कार्यों की जानकारी ली। डीएम आंद्रा वामसी ने बताया कि 9642 श्रमिक और कामगारों के खाते में 1000 रुपये की धनराशि उनके बैंक खाते में पहुंचाई जा रही है। लगभग 5000 मनरेगा जॉब कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा राशन कार्ड जिन श्रमिकों के पास नहीं है, उन्हें बनाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। श्रमिक कुलदीप पुत्र हरिराम निवासी ग्राम टांडा को सिलाई मशीन दी गई। सीएम ने कुलदीप से बात की। कुलदीप ने बताया कि नोएडा में सिलाई कार्य का काम करते थे। सीएम ने गांव में सिलाई कार्य के करने का सुझाव दिया। उन्होंने बृजेश पुत्र शिवचरण निवासी ग्राम धबाकर से भी बात की और हरियाणा में क्या काम करते थे, परिवार में कौन-कौन हैं, इसकी जानकारी ली। इस मौके पर एनआईसी झांसी में सीडीओ निखिल टीकाराम फुं डे, एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, एडीएम बी प्रसाद, एसडीएम संजीव कुमार मौर्य, डीआईओ आसिफ खान, शक्ति अग्रवाल, श्रमिक राजेंद्र प्रसाद, प्रेमदास और गिरीश मौजूद रहे।