झांसी। महिलाएं आसानी से अपनी समस्याएं बता सकें, इसके लिए महानगर में 10 पिंक चौकियों की स्थापना की जाएगी। इन चौकियों में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी।
नारी शक्ति मिशन के तहत थानों में महिलाओं के लिए अलग से कक्ष बनाए गए हैं। अब महानगर में 10 पिंक चौकी स्थापित की जा रही हैं। सदर बाजार थाना, कोतवाली व सीपरी बाजार थाना इलाके में दो-दो तथा नवाबाद थाना इलाके में चार पिंक चौकियां स्थापित की जाएंगी। इन चौकियों की प्रभारी महिला उप निरीक्षकों को बनाया जाएगा। उनके साथ महिला सिपाहियों की तैनाती की जाएगी।
महिलाओं को अपनी पीड़ा बताने में असहज स्थिति का सामना न करना पड़े और वे खुलकर अपनी बात पुलिस के समक्ष रख सकें, इसी उद्देश्य के चलते पिंक चौकी स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
तीन थानों का भी है प्रस्ताव
झांसी। शासन को जिले में तीन थाने खोले जाने का प्रस्ताव भी भेजा गया है। इनमें प्रेमनगर की बिजौली चौकी, बबीना की भेल चौकी और नवाबाद थाने की विश्वविद्यालय चौकी को थाना बनाने की योजना है। हालांकि, अभी यह प्रस्ताव शासन में लंबित है।
पिंक चौकी की प्रभारी महिला पुलिस अधिकारी होंगी। यहां महिला सिपाहियों की तैनाती की जाएगी। महिलाएं आसानी से अपनी बात पुलिस को बता सकें, इसके लिए पिंक चौकी खोले जाने की योजना है।
- जोगेंद्र कुमार, डीआईजी