- पीट-पीटकर उतार दिया गया था मौत के घाट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विवि में बेरहमी से पीट-पीटकर मारे गए युवक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम हुआ। उसके शरीर पर चोट के दस निशान पाए गए। जबकि, उसकी मौत ब्रेन हेमरेज से हुई। हालांकि, युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बुंदेलखंड विवि के खेल मैदान में चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य कर रहे श्रमिक विवि परिसर में ही झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। बुधवार रात एक श्रमिक दंपती झोपड़ी के बाहर चबूतरे पर सो रहा था। इसी दरम्यान रात तकरीबन दो बजे वहां पहुंचे एक युवक ने महिला का हाथ पकड़कर उसे खींचने की कोशिश की थी। महिला के शोर मचाने पर युवक को दबोच लिया था। इसके बाद युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उसे वहां खड़े एक ट्रैक्टर के पहिये से बांधकर भी पीटा गया था। जिससे युवक की मौत हो गई थी। मामले में विवि के सिक्योरिटी गार्ड रामकिशोर की तहरीर पर भगवानदास, नेता, हीरालाल व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। युवक के शव की शिनाख्त न हो पाने की वजह से उसका 72 घंटे बाद रविवार को पोस्टमार्टम किया गया। इसमें उसके शरीर में चोटों के दस निशान पाए गए। इसके अलावा पोस्टमार्टम में सामने आया कि युवक की मौत ब्रेन हेमरेज से हुई है।
इस मामले में नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव की शिनाख्त की काफी कोशिश की गई, लेकिन उसके बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि मृतक युवक की उम्र लगभग 24 वर्ष थी। घटना के समय वह सफेट टी शर्ट और नीली जींस पहने हुए था। युवक नंगे पैर था। पोस्टमार्टम के बाद युवक के शव का अंतिम संस्कार बड़ागांव गेट मुक्तिधाम पर रामराजा स्वयंसेवी संस्था के श्यामसुंदर शर्मा ने पुलिस के सहयोग से किया।