झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में रेगुलर कोर्सों में सवा लाख से ज्यादा सीटें खाली रह जाने की वजह से ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब छात्र-छात्राएं 31 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। अब तक 72 हजार छात्र-छात्राओं ने ही स्नातक, परास्नातक के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए फॉर्म भरा है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से करीब सवा तीन सौ कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों में व्यवसायिक के अलावा बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमकॉम जैसे रेगुलर कोर्स भी संचालित होते हैं। रेगुलर कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया चार जुलाई से शुरू हुई थी। छात्र-छात्राओं को डेढ़ महीने का समय देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 18 अगस्त निर्धारित की गई। मगर इस बार कई कॉलेजों में सीटें खाली रह गईं। स्नातक में 59212 और परास्नातक में 12661 आवेदन आए हैं। जबकि, स्नातक में 1.89 लाख और परास्नातक में 13 हजार से अधिक सीटें हैं। ऐसे में सवा लाख अधिक सीटें खाली पड़ी हैं। बताया गया कि दो दिन पहले कई कॉलेजों के प्रबंधक बीयू के अधिकारियों से मिले और सीटें बढ़ाने का दबाव बनाया। जल्द सत्र शुरू करने का हवाला देकर जून से ही व्यवसायिक कोर्सों के आवेदन खोलने वाले बीयू ने अब रेगुलर कोर्सों में फॉर्म भरने की तारीख 31 अगस्त तक बढ़ा दी है।
कितनी हैं सीटें
.....................
कोर्स सीट
बीएससी 46000
बीए 135000
बीकॉम 8500
एमए 12000
एमकॉम 1200
कई कॉलेजों में स्नातक, परास्नातक प्रथम वर्ष में सीटें खाली हैं। जल्द सत्र शुरू करने के साथ-साथ नामांकन दर भी बढ़ानी है। इसलिए रेगुलर कोर्सों में आवेदन की तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। - विनय कुमार सिंह, कुलसचिव