झांसी। झोकनबाग के न्यू टोरिया इलाके में गुजराती मेवा कारोबारी के कमरे का ताला तोड़कर बदमाशों ने सवा लाख रुपये उड़ा दिए। भुक्तभोगियों ने नवाबाद थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
गुजरात से आए आठ मेवा कारोबारियों ने न्यू टोरिया इलाके में किराए पर कमरा लिया है। सूरत निवासी अमित नाथ एवं विक्की ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को उसके छह साथी कारोबार के सिलसिले में निवाड़ी चले गए। दोपहर को वह दोनों भी कमरे में ताला बंद करके बड़ागांव चले गए।
अमित एवं विक्की जब शाम को लौटकर आए तब कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर रखा सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। सूटकेस का ताला टूटा हुआ था। उसका सामान बाहर पड़ा था। जब उन्होंने उसे खोलकर देखा तब उसमें रखे करीब सवा लाख रुपये गायब थे। यह देखकर उन लोगों के होश उड़ गए।
अपने साथियों को उन्होंने इसकी सूचना दी। थोड़ी देर में उनके दूसरे साथी भी पहुंच गए। आसपास के लोगों से उन लोगोें ने पूछताछ की तब एक लड़की ने मोहल्ले के दो लड़कों के बारे में बताया। उन लोगों ने उन लड़कों की तलाश की लेकिन, वह कहीं नहीं मिले। इसके बाद वह लोग नवाबाद थाने पहुंचे। यहां उन्होंने घटना के संबंध में तहरीर दी। इंस्पेक्टर नवाबाद सुधाकर मिश्र के मुताबिक मामले की पड़ताल की जा रही है।