मुंबई के नाले में मिले आयुष के शव की जानकारी होने पर घर पर रोते बिलखते परिजन। संवाद
सिकरारा। थाना क्षेत्र के बांकी गांव के आयुष गौतम (25) पुत्र संजय कुमार गौतम का शव मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में एक नाले में मिलने से यहां परिजन शोकाकुल हो गए। परिजनों को शक है उसके पड़ोसियों ने उसकी हत्या कर दी है। परिवार के लोगों का कहना है कि 10 मार्च को पड़ोसी पूर्णमासी गौतम अपने भतीजे अंकित गौतम के साथ आयुष को बनारस में बेटी के यहां सामान पहुंचाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। तीन दिन बाद आयुष ने घर पर फोन कर अपनी मां जीरा देवी को बताया कि ये लोग उसे मुंबई ले आए हैं। धारावी के राजीव गांधी नगर में पूर्णमासी के बेटों रोशन और राजन के यहां ठहरा हुआ है। कुछ दिन मुंबई घूम-फिरकर वापस लौट आएगा। लेकिन, 27 मार्च से आयुष का फोन बंद मिलने लगा। 28 मार्च को करीब 11 बजे दिन में उसके पिता संजय गौतम के फोन पर मुंबई से एक अन्य व्यक्ति ने सूचना दी कि आयुष यहां से कहीं गायब हो गया है। बाद में धारावी थाने में आयुष के गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। इधर, बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही संजय अपने दो साथियों के साथ मुंबई पहुंचे। वहां मंगलवार को बांद्रा के एक नाले में मिले अज्ञात शव की उसके पिता ने अपने बेटे आयुष गौतम के रूप में शिनाख्त की। मृतक की मां जीरा देवी बार बार बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए विलाप कर रही हैं।