सतहरिया सीएचसी में भर्ती गोली लगने से घायल युवक गौरव।
- फोटो : JAUNPUR
मुंगराबादशाहपुर। पवांरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोडेपुर में रविवार की शाम प्रेम प्रसंग में युवक ने खुद को गोली मार ली। सीने में बाएं तरफ गोली लगने से उसकी हालत गंभीर है। सतहरिया सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वाराणसी के जंसा थानांतर्गत ग्राम नरेचा निवासी गौरव पाठक (25) पवांरा थाना क्षेत्र बोडेपुर गांव में पहुंचा। गांव की एक विवाहिता को अपनी प्रेमिका बताते हुए हंगामा करने लगा। विवाहिता का मायका मिर्जामुुराद थाना क्षेत्र में है। विवाहिता के परिजनों व ग्रामीणों ने पहले तो युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फर्क न पड़ने पर पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान युवक ने अपनी जेब से रिवाल्वर निकालकर खुद पर फायर कर लिया। मौके पर पहुंचे पवांरा एसओ सेतांशु शेखर पंकज ने घायल युवक को सीएचसी सतहरिया पहुंचाया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ ने बताया कि युवक के घरवालों को सूचना दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। छानबीन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
प्रेमी युगल लापता, केस दर्ज
मीरगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेगी युगल घर से फरार हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस में सूचना दी है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी पास के एक इंटर कॉलेज की छात्रा है। इसी गांव के छात्र से उसका प्रेम संबंध था। घरवालों को जानकारी हुई तो उन्होंने पहले दोनों को समझाया। बात न बनने पर लड़की की शादी तय करने की तैयारी में जुट गए। इसकी भनक लगते ही दोनों तीन दिन पहले घर से फरार हो गए। रविवार को थाने पहुंच परिजनों ने इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश राय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
---