बदलापुर। क्षेत्र के ठेमा गांव में मंगलवार की सुबह देवरिया जैसी घटना होते-होते बच गई। यहां कराए जा रहे चहारदीवारी निर्माण के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावर पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक को लक्ष्य कर गोली मार दी। गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा मारपीट कर चार अन्य लोगों को भी घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में थाना प्रभारी की लापरवाही मानते हुए एसपी ने एसएचओ बदलापुर को लाइन हाजिर कर दिया है।
ठेमा गांव निवासी लालसाहब और बाबूराम के परिवार के बीच आबादी की जमीन पर निर्माण कराने को लेकर करीब चार माह से विवाद चल रहा था। पुलिस ने पाबंद भी किया था। मंगलवार की सुबह लालसाहब पक्ष के लोग आबादी की जमीन पर निर्माण कराना शुरू दिए तभी पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि घर पर चढ़कर जयनाथ के पुत्र लालसाहब को गोली मार दी। गोली पैर में लगी है। साथ ही रामचंद्र, जयनाथ, बृजेश यादव व हर्षित को भी चोट आई। जाते-जाते हमलावर लाल साहब का लाइसेंसी रिवाल्वर भी छीन ले गए।
लापरवाही में थाना प्रभारी लाइन हाजिर
बदलापुर के ठेमा में भूमि विवाद को लेकर हुई घटना के मामले में एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बदलापुर के थाना प्रभारी अवनीश कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया। एक अन्य दरोगा की भी जांच की जा रही है। एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सीओ शाहगंज को गांव में कैंप करने के लिए कहा गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई गईं हैं। ठेमा गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने भी गांव में पहुंचकर जायजा लिया।