करंजाकला। अनियमित दिनचर्या, खानपान और तनाव के चलते जिले के युवा तेजी से मधुमेह और हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) बीमारी की गिरफ्त में आते जा रहे है। उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में हुए रिसर्च में यह बात सामने आई। बताया गया कि 30 वर्ष से 50 वर्ष की आयु वालों में ये दोनों बीमारियां अधिक देखने को मिल रही हैं।
मेडिकल कॉलेज की ओर से करीब 400 से अधिक मरीजों पर रिसर्च किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक करीब 200 से अधिक युवा मधुमेह और हाइपरटेंशन की चपेट में मिले। यही नहीं जिले में भी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में शुगर और उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक है। चिकित्सकों का कहना है कि पहले बुजुर्गों में हाइपरटेंशन और शुगर की बीमारी सबसे ज्यादा देखी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में युवा और बच्चे इन बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। इसकी वजह काम का बढ़ता दबाव, असंतुलित दिनचर्या, खाना-पान में कमी आदि बताई जा रही है।
बीमारियों से बचने के लिए करें ये उपाय
- संतुलित आहार लें
- रोज व्यायाम करें, सकारात्मक सोच रखें
- नमक और मिठाई का प्रयोग कम करें
- वसायुक्त खाने से बचे, सिगरेट, तंबाकू, बीड़ी और अल्कोहल के इस्तेमाल से बचें
- जल्दी सोएं और सूर्योदय से पहले उठने की कोशिश करें
- रात का भोजन सोने से दो घंटा पहले कर लें
मेडिकल कॉलेज की ओर से अलग-अलग कैंप लगाकर रिसर्च किया गया है। इसमें अधिकतम युवा मधुमेह और हाइपरटेंशन से पीड़ित है। युवाओं को थोड़ी दिनचर्या में बदलाव की जरूरत है। - डॉ. सच्चिदानंद विभागाध्यक्ष, कम्युनिटी मेडिसिन, मेडीकल कॉलेज जौनपुर