जफराबाद। जफराबाद थाना क्षेत्र के नासहीं मोहल्ला में बुधवार को शराब के नशे में हुए आपसी विवाद के बाद कहासुनी होने पर एक युवक ने दूसरे युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। मृतक का शव एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी को पकड़ लिया है।
जफराबाद नगर पंचायत के मोहल्ला नासहीं निवासी आकिल (40) पुत्र इकबाल बुधवार की रात करीब नौ बजे मोहल्ले के मन्नू के साथ बैठा था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। मन्नू ने लाठी से वारकर आकिल को घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। युवक का शव करीब एक घंटे तक नासही के अनुसूचित बस्ती में पड़ा था। मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति चार पहिया वाहन से रास्ते से गुजर रहा था। बीच रास्ते में युवक की लाश देखकर उन्होंने जफराबाद थानाध्यक्ष को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पास-पड़ोस के लोगों से पड़ताल की। जांच के बाद पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़ लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी शहर कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि शराब पीकर नशे की हालत में हुई मारपीट के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। इस मामले में आरोपी को पकड़ लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।