अबूझ हालत में युवक की मौत, नदी में मिला शव
नगर कोतवाली क्षेत्र के परमानतपुर मोहल्ला निवासी युवक की शनिवार को अबूझ हालत में मौत हो गई। उसका शव अचलाघाट के पास गोमती नदी में मिला। पुलिस ने पंचनामा कर शव को घरवालों को सौंप दिया। सूचना के घंटों बाद पहुंची पुलिस से लोगों की झड़प भी हुई। मौके पर मौजूद लोग युवक का शव देखने के बाद तरह तरह की चर्चा करते सुने गए।
परमानतपुर मोहल्ला निवासी शिवा श्रीवास्तव (18) अपने नाना हरिश्चंद श्रीवास्तव के घर सिपाह मोहल्ले में रहता था। शिवा के पिता शरद श्रीवास्तव मुंबई में रहते हैं। शनिवार को सुबह शिवा अपने नाना के साथ दूकान पर गया और पूजा की सामग्री लेकर घर पहुंचा।
नाना के मुताबिक दूकान से लौटकर आने के बाद उसे नाश्ता करने को कहा गया लेकिन उसी दौरान किसी का फोन आ गया और वह बिना नाश्ता किए घर से निकल गया। कुछ देर बाद मोहल्ले के कुछ लड़कों ने बताया कि शिवा अचला घाट के पास गोमती नदी में डूब गया। भागकर लोग मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। लोग नदी में युवक के शव की तलाश कर रहे थे और पुलिस सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंची तो गुस्साए लोग सड़क जाम करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सीओ सिटी मय फोर्स के मैके पर पहुंचे।
पुलिस के देर से पहुंचने के कारण लोगों से तीखी झड़प भी हुई। काफी तलाश के बाद युवक की शव नदी में बरामद हुआ। शव को बाहर निकाला गया तो उसे देख कर लोग तरह तरह की चर्चा करने लगे। शव मिलते ही घर में मातम छा गया। सूचना पर युवक के पिता मुंबई से चल दिए हैं। पिता के आने के बाद शव का दाह संस्कार होगा।