मडि़याहूं। कोतवाली क्षेत्र के सरौना गांव में सोमवार को दो भाइयों में जमीन बंटवारे को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान घायल एक भाई की इलाज के दौरान वाराणसी के ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। वहीं, मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
सरौना गांव निवासी दिनेश्वर सरोज (40) और अजय सरोज सगे भाई हैं। सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे भूमि के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों में मारपीट हो गई। इसमें दिनेश्वर सरोज को गंभीर चोटें आईं। साहिल घायल हुए अपने पिता को लेकर कोतवाली सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां मंगलवार की रात में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। साहिल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अजय सरोज, उसकी पत्नी और उसके बेटे संदीप सरोज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तीन लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल व आरोपियों की तलाश की जा रही है।