पंवारा के गंगापुर गांव में नागेंद्र गौड़ की मौत के बाद जुटी भीड़ और पुलिस। संवाद
- फोटो : मेला तीज में जलवा विखेरते गायक जस्सी गिल और बब्बल राय
पवारा/मुंगराबादशाहपुर(जौनपुर)। पवारा थानाक्षेत्र में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल ग्राम कुंवरपुर (गंगापुर) निवासी नागेंद्र गौड़ की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन घर पर शव रखकर आरोपियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी की मांग करने लगे। वहीं, दूसरे दिन किसी तरह पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए प्रयागराज रवाना हुए। करीब 16 घंटे तक मृतक का शव घर पर ही पड़ा रहा। चार मार्च को बच्चों के बीच शुरू हुए विवाद में बड़े लोग शामिल हो गए। आरोप है कि विवाद के दौरान गांव के ही सचिन गौड़, आशा, गुड़िया और इंदु ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से वार कर नागेंद्र गौड़ (35) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके सिर का ऑपरेशन भी किया गया। लेकिन, उपचार के दौरान शुक्रवार की दोपहर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया। लेकिन, परिजनों ने घर शव लाने के बाद अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपियों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई नहीं होती, घर में किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी और मुआवजा की मदद नहीं दी जाती तब तक वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इधर, परिजन जौनपुर रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम करने की योजना बनाने लगे, जिसकी जानकारी होते ही सीओ सदर देवेश सिंह, सीओ बदलापुर सुनील चंद तिवारी, थानाध्यक्ष पवारा अनिल कुमार, थानाध्यक्ष सुजानगंज फूलचंद्र पांडेय, मछलीशहर कोतवाल विनीत राय, थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर मिथलेश तिवारी, मीरगंज थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह भी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को घंटों समझा बुझाकर शांत कराए, जिसके बाद परिजन शांत हुए और दोपहर में शव को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। वहीं, मृतक की पत्नी मनीषा व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। पति नागेंद्र के शव को देख बार-बार मूर्छित हो जा रही थी। थानाध्यक्ष पवारा ने बताया कि रास्ते में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो, इसलिए थाने से दो सिपाही साथ में भेजे गए हैं। केस दर्ज है। अब मौत के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी। इस मामले में एक आरोपी आशा देवी पहले ही गिरफ्तार की जा चुकी है। बाकी तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंवारा के गंगापुर गांव में नागेंद्र गौड़ की मौत के बाद जुटी भीड़ और पुलिस। संवाद - फोटो : मेला तीज में जलवा विखेरते गायक जस्सी गिल और बब्बल राय