मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के बारीगांव नेवादा गांव में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
बारीगांव निवासी धर्मेंद्र पटेल उर्फ गुड्डू (25) तहसील के एक अधिवक्ता के पास मुंशी का काम करता है। रोज की तरह वह काम खत्म करने के बाद तहसील से घर चला गया। परिजनों के मुताबिक शाम साढ़े 6 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह उससे मिलने के लिए घर से निकल गया। कुछ घंटे बाद गांव के पास एक बगीचे में धर्मेंद्र के बेहोशी की हाल में पड़े होने की जानकारी मिली तो परिजन वहां पहुंचे। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि किसी ने धर्मेंद्र की हत्या कर दी और शव को बगीचे में फेंक दिया। कोतवाली प्रभारी हरिनाथ भारती ने बताया कि धर्मेंद्र के पिता मूल रूप से ग्राम खंडवा धावा थाना बरसठी के निवासी थे। बारी गांव में नवासे पर रहते हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।