बरसठी क्षेत्र के राजापुर गांव के एक युवक की गुड़गांव में सड़क दुर्घटना में शनिवार की भोर में मौत हो गई। युवक का शव रविवार की सुबह गांव पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से घर का चिराग बुझ गया।
राजापुर निवासी अनुज तिवारी (22) पुत्र धीरेंद्र तिवारी घर की स्थिति ठीक न होने से दो साल से गुड़गांव में रहकर नौकरी कर रहा था। शनिवार की भोर में कंपनी का काम करके बाइक से लौट रहा था। रास्ते में ट्रक से टक्कर हो जाने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रिश्तेदारों को जानकारी होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव राजापुर में रविवार की सुबह लाया गया। शव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। हर किसी की आखों में आंसू था। इकलौते बेटे के शव से लिपटकर मां रो-रोकर बेसुध हो गई। चार बहनों में अनुज इकलौता भाई था।