शाहगंज। कलान गांव निवासी कामगार युवक की बंगलूरू में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जनपद की सीमा से सटे सुलतानपुर के कलान गांव निवासी कुंवर बहादुर सिंह (45) बंगलूरू में एक कंपनी में काम करते थे। वह बुधवार को काम से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सड़क पार करते समय एक बाइक की चपेट में आने से गिरकर घायल हो गए। लोग उन्हें अस्पताल ले गए चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन शव को लेकर रविवार की दोपहर गांव पहुंचे।
मृतक पांचों भाइयों में सबसे बड़ा था। माता-पिता को जिसके कंधों पर जाना चाहिए था उसे ही पिता अपने कंधे पर लेकर अंतिम संस्कार के लिए गए। पत्नी किरन की मांग का सिंदूर उजड़ गया तो बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद