मंगलवार की शाम तेज आंधी से मुंगराबादशाहपुर थाने के पास स्थित पीपल का पुराना पेड़ टूट गया। पेड़ गि
- फोटो : JAUNPUR
केराकत। नगर के गोलावार्ड में मंगलवार की देर शाम साढ़े 6 बजे आंधी में मकान का बारजा गिर गया। मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई। एक अधेड़ घायल हो गया। आनन-फानन में लोगों ने मलबे से निकालकर उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। टीन शेड और पेड़ गिरने से चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
गोलावार्ड निवासी गणेश साहू उर्फ लड्डू (36) दवा लेने मेडिकल स्टोर पर जा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी में वार्ड के ही घनश्याम जायसवाल के मकान का बारजा ढह गया। गणेश और उसी रास्ते से गुजर रहे अजय सेठ (52) मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर लोग उस ओर दौड़े। आनन-फानन में दोनों को मलबे से निकालकर केराकत सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गणेश को मृत घोषित कर दिया। अजय की हालत भी गंभीर थी। उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल पर पुलिस पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
बक्शा थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर बरखंडी गांव में आंधी से आम के पेड़ की डाल गिर गई। इसकी चपेट में आने से विनोद पासवान (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, खेतासराय क्षेत्र के यूनुसपुर गांव में आंधी के दौरान ग्राम प्रधान के घर का टीन शेड उड़ गया। इसकी चपेट में आकर प्रधान तिलकराज का पुत्र अंकित (10), पड़ोस की नौरंजी देवी (70) और शीला देवी (60) घायल हो गई। तीनों को पीएचसी सोंधी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।