जौनपुर जिले के मलेथु के हीरापट्टी गांव में वरुणा नदी में स्नान के दौरान बुधवार की दोपहर एक युवक डूब गया जबकि उसके पांच साथी किसी तरह से बाहर निकल आए। वहीं, जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से शव को खोजबीन में जुट गई।
रामपुर थाना क्षेत्र के धनुहा गांव निवासी सलमान (22) अपने पांच साथियों रवि, सैफ, साहिल, कैश, यूसुफ के साथ दोपहर घर से 15 किलोमीटर दूर सुरेरी थाना क्षेत्र के मलेथु के हीरापट्टी गांव के समीप गांधी घाट पर स्नान करने पहुंचा। स्नान के दौरान सलमान नदी में गहराई की तरफ चला और डूबने लगा।
उसका शोर सुनकर स्नान कर रहे अन्य साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया पर वह भी डूबने लगे तो किसी तरह बाहर निकल आए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और सुरेरी चौकी इंचार्ज वरुणेंद्र राय को सूचना दी पर वे काफी देर से पहुंचे। ग्रामीण व सलमान के दोस्तों ने काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की पर कहीं पता नहीं चला।
इस पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसकेबाद सुरेरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक, रामपुर थाना प्रभारी रामपुर विजयशंकर सिंह भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू करवाई। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपुर संतोष कुमार पाठक ने बताया कि गोताखोर को बुलवाकर नदी में डूबे युवक को खोजा जा रहा है।