लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकियां धाम स्थित तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे बक्शा थाना क्षेत्र के सरायलोका गांव निवासी शशांक उर्फ रोशन (18) पुत्र राकेश सरोज अपनी मां के साथ दर्शन पूजन करने के लिए चौकियां धाम आया हुआ था। शशांक अपनी मां से कह कर तालाब में नहाने के लिए उतर गया। तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से शशांक डूब गया। उसकी मां की शोर सुनकर काफी भीड़ तालाब के पास जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चौकियां के ही कुछ युवकों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। तीन महीने पूर्व 13 अप्रैल को इसी तालाब में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बबरखा गांव के एक युवक अजय कुमार की भी नहाते समय डूबकर मौत हो गई थी।
लगाया जाएगा चेतावनी बोर्ड
तालाब में डूबने से हुई युवक के मौत के बारे में पूछे जाने पर सीओ सिटी कुलदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि जल्द ही तालाब के पास चेतावनी बोर्ड लगवाया जाएगा। इस पर लोगों को तालाब के पास न जाने के बारे में चेतावनी लिखी रहेगी। वहीं सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे।