खेतासराय। पुलिस की वर्दी पहनकर नीली, लाल बत्ती लगी कार से से घूमने, अवैध वसूली करने और जनता के बीच रौब जमाने वाले युवक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक वर्दी व अन्य सामान बरामद किया गया। खेतासराय पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने बताया की पुलिस टीम शनिवार की भोर में क्षेत्र के मानीखुर्द रोड पर संदिग्ध वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान ही एक संदिग्ध कार जिस पर लाल, नीली बत्ती लगी हुई थी, आती दिखायी पड़ी। जिसको रोककर उसमें बैठे व्यक्ति से पूछताछ की गई तो तो उसने अपना नाम उमेश यादव निवासी मवईं थाना खेतासराय जनपद जौनपुर बताया। वह पुलिस की वर्दी में था। संदिग्ध लगने पर कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि सिपाही की वर्दी पहन कर लाल नीली बत्ती लगी गाड़ी से जब निकलता था तो जनता में धौंस जमाता था तथा गाड़ी और वर्दी के उपयोग से रात में ट्रकों को रोककर चेकिंग के बहाने पैसा वसूली करता था। उसके पास से खाकी वर्दी, विभागीय पहचानपत्र, मोहर आदि बरामद हुई है।