थानागद्दी (जौनपुर)। केराकत क्षेत्र के थानागद्दी गांव में घर वालों की डांट से नाराज होकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने वाले श्रेयांस उर्फ कल्लू विश्वकर्मा (18) की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 25 प्रतिशत तक झुलस गया था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां से बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार की रात लगभग 1 बजे उनकी मौत हो गई। श्रेयांश उर्फ कल्लू के पिता विजय बहादुर ने बताया कि कल्लू ने बृहस्पतिवार को संभल ब्रह्मबाबा मंदिर के पास खुद को आग लगाकर जलाने का प्रयास किया था। परिजनों ने शव का वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। कल्लू छह भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि परिजनों ने बिना पुलिस को जानकारी दिए और पोस्टमॉर्टम कराए ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।