करंजाकला। दीपावली पर आढ़त पर दीपक जलाकर घर लौट रहे सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तुपुर गांव निवासी सचिन मौर्य (30) की मौत हो गई। सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि वह रविवार की रात में शीतला चौकिया धाम स्थित सब्जी मंडी से घर लौट रहे थे। ककोरगहना गांव के पास चौरा माता मंदिर के पास सड़क किनारे वह बेहोश मिले। ककोरगहना गांव निवासी राहुल सोनकर ने परिजनों को फोन करके घटना की सूचना दी। इसके बाद पहुंचे भाई रवि कुमार मौर्य ने उनको इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सचिन मौर्य शीतला चौकिया धाम सब्जी मंडी में आढ़ती थे। भाई रवि मौर्य ने ही पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सचिन की मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।