इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित छात्र खेल प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी। संवाद
करंजाकला। विधायक खेल स्पर्धा एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो खेल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। सिद्दीकपुर में आयोजित प्रतियोगिता में दौड़ में यश और जूडो में सुमित राय अव्वल रहे। जूडो प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में सुमित राय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 55 किलोग्राम भार वर्ग में वैभव यादव दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में 57 किलोग्राम भार वर्ग में अंशिका शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 48 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियांशी यादव और गरिमा राय ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में करंजाकला ब्लॉक की टीम विजेता रही। शॉटपुट प्रतियोगिता में महिला वर्ग में शीतल यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में अमन यादव दूसरे स्थान पर रहे। दौड़ प्रतियोगिता में 100 मीटर बालक वर्ग में यश प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शीतल यादव दूसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में रजनीश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दूसरे दिन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी रामानुज यादव, व्यायाम प्रशिक्षक मनोज यादव, जय विक्रांत सिंह, रवि प्रकाश, शुभम मौर्य, प्रदीप, पंकज सिंह, दिनेश चौहान मौजूद रहे।