जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। अधिशासी अभियंता एनएच लोक निर्माण विभाग वाराणसी के गैरहाजिर रहने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्पष्टीकरण मांगा है।
बैठक में जनपद के राष्ट्रीय राजमार्गों पर की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई। इसमें जौनपुर-वाराणसी राजमार्ग, जौनपुर-सुल्तानपुर राजमार्ग, जौनपुर-रामपुर-भदोही मार्ग, जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत, डिवाइडर पेंटिंग, यातायात व्यवस्था, साइनेज बोर्ड, पोस्टर लगाए जाने आदि की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि महाकुंभ-2025 को देखते हुए जितने भी एनएच हैं उन पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाए, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर ली जाए। शौचालय व सड़कों के किनारे साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
आजमगढ़ व केराकत मार्ग पर सात जनवरी 2025 से पूर्व सांकेतिक बोर्ड व ब्रेकर लगा दिया जाए। क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत सहित सड़कों के किनारे पौधरोपण किया जाए। कोहरे को देखते हुए भी सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्युत विभाग से समन्वय कर जहां भी लाइट की आवश्यकता है उसको लगाए। इस दौरान एडीएम, सीआरओ व सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।