स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित सभी सरकारी कार्यालयों पर मंगलवार को झंडा रोहण किया गया। डीएम ने कलेक्ट्रेट में झंडारोहण करने के बाद सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ब्रम्हदेव वर्मा व बनारसी राम को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक शैलेष कुमार पाण्डेय ने पुलिस लाइन, मुख्य विकास अधिकारी आलोक सिंह विकास भवन में प्रात: आठ बजे झंडारोहण किया। और शपथ दिलाया।
डीएम ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कहा कि हम सबका दायित्व है कि गरीब व पात्र व्यक्ति को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलायें। कहा हम जो भी सरकारी कार्य करते हैं। उससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का लाभ कितना हो रहा इस भावना के साथ सबका भला करना चाहिए। इसी क्रम में मेंहदी रजा एडवोकेट, नायब तहसीलदार रामकुमार यादव, सभाजीत द्विवेदी प्रखर, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ शिवमोहन श्रीवास्तव, वर्तमान अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी आरपी मिश्र व रामआसरे सिंह ने देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए स्वतंत्रता के इतिहास के बारे में बताया।
कहा कि हम जिस पटल पर हैं पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ आने वाले के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करें। यही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम का संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर सोनम सरोज एण्ड पार्टी ने राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी व नगर मजिस्ट्रेट द्वारा डा. भीमराव अम्बेडकर एवं महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। जिले के ग्रामपंचायतों में भी झण्डारोहण एवं साफ सफाई कार्य कराया गया। साथ ही समस्त खंड विकास अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं तहसीलदारों, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद एवं नगर पंचायत द्वारा शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण एवं साफसफाई करायी गई।
इसके पूर्व प्रात: साढ़े छह बजे क्रासकन्ट्री रेस कुत्तूपुर तिराहे से प्रारम्भ होकर स्टेडियम पर जाकर समाप्त हुआ। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रात: 7 बजे प्रभातफेरी निकाली गई। पूर्वान्ह 10 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा खेलकूद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। पूर्वान्ह 11 बजे मलिन बस्ती मतापुर में स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम एवं साफ सफाई करायी गई।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभा द्वारा मंगलवार को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत राजकीय पालिटेक्निक जगदीशपुर में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, प्राचार्य राजकुमार द्वारा 101 पौधे लगाए । जिलाधिकारी ने इस अवसर पर करतल ध्वनि से छात्रों द्वारा स्वागत किये जाने पर बधाई दिया तथा बच्चों से वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प भी कराया।