गुप्त नवरात्र पर्व के अवसर पर मंगलवार को आषाढ़ मास की अष्टमी तिथि पर मां शीतला चौकियां धाम में बगलामुखी देवी के स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद मां शीतला के सभी भक्तों ने मां का दर्शन प्राप्त कर मन्नत मांगी। शीतला मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि आषाढ़ मास गुप्त नवरात्र के अष्टमी तिथि पर मां बगलामुखी देवी के स्वरूप की पूजा अर्चना की जाती है। 10 महाविद्याओं में से मां बगलामुखी की पूजा का विशेष विधान है मान्यता है कि इस दिन विधि विधान से व्रत रखने और दुर्गा सप्तशती का पाठ करने से सभी शत्रुओं का नाश होता है और साधक को विरोधियों पर विजय प्राप्त होती है। इस दिन की जाने वाली गुप्त साधना अत्यंत फलदायी मानी गई है। अष्टमी तिथि पर दोपहर विश्राम भोग आरती के समय मां शीतला महारानी का शृंगार हुआ। इस मौके पर जयनारायण पंडा, सूर्य नारायण पंडा, शिवनारायण पंडा उपस्थित रहे।