जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मड़ियाहूं पड़ाव के पास रविवार को दोपहर एक पुराना मकान ढहाते समय मकान की छत से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के मड़ियाहूं पड़ाव के पास स़ड़क के किनारे स्थित एक पुराने मकान को जेसीबी से ढहाया जा रहा था। जहां मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पड़राव गांव निवासी राजकुमार राम (35) मजदूरी कर रहा था। राजकुमार करीब 15 फीट ऊंची दीवार पर खड़ा था तभी अचानक गिर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद ठेकेदार और अन्य श्रमिक मौके से भाग निकले।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।