जमुहर बाजार में शराब की दुकान में विरोध जताते हुए हंगामा करती महिलाएं। स्रोत-ग्रामीण
मछलीशहर। जमुहर बाजार में चल रही शराब की दुकान का विरोध कर रही महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। हाईवे जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया।
तहसीलदार हुसैन अहमद ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कोतवाली क्षेत्र के जमुहर बाजार में आबादी क्षेत्र में शराब सी दुकान चल रही है। उसे गांव से गुजरे खाखोपुर मार्ग पर शिफ्ट किया जा रहा है।
इसके विरुद्ध ग्रामीणों ने 30 जून को उप जिलाधिकारी अजय उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा था। बृहस्पतिवार को जब दुकान संचालक के आने की सूचना मिली तो महिला और पुरुष मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो हाईवे जाम कर विरोध कर रही महिलाओं से नोकझोंक हुई। पुलिस ने बल प्रयोग कर चक्का जाम का प्रयास विफल कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया है।
वहां निवास कर रहे लोगों ने बताया कि उनके दरवाजे पर लोग आए दिन शराब पीकर अभद्र व्यवहार करते हैं। तहसीलदार हुसैन अहमद ने बताया कि मौके पर जाकर ग्रामीणों को प्रशासनिक अधिकारियों के व्यस्त होने की जानकारी देते हुए शांत कराया गया है। अग्रिम निर्णय तक दुकान पुराने स्थान पर ही चलाने के लिए दुकानदार को निर्देशित किया गया है। मौके पर शांति कायम है।