केराकत भीम आर्मी के कार्यकर्ता एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए। स्रोत-संवाद
केराकत। तहसील के बकुलिया गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला अब गरमाता जा रहा है। इस घटना के विरोध में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी रत्नेश कुमार के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने नॉर्मल मैदान से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और उपजिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले निर्दोष लोगों और उनकी गाड़ियों पर ही फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है। आजाद समाज पार्टी के नेता रत्नेश कुमार ने चेतावनी दी कि जब तक निर्दोषों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने प्रदर्शनकारियों की दो सूत्री मांगों पर विचार करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी पर गलत तरीके से मुकदमा दर्ज हुआ है, तो उसे वापस लिया जाएगा और प्रतिमा क्षति के दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।