थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में बृहस्पतिवार शाम एक महिला का फंदे पर लटकता शव मिला। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। मछलीशहर थाना क्षेत्र के आलापुर कृष्णापुर गांव निवासी प्रियंका (24) की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बक्शा थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव निवासी हितेश गौतम पुत्र संतोष गौतम के साथ हुई। प्रियंका का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। इस बात की जानकारी परिजनों को तब हुई जब वह किसी काम से प्रियंका को आवाज लगाने लगे। कमरे का दरवाजा न खुलने पर किसी तरह दरवाजा खोल उसे फंदे से उतारकर प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और मायके वालों को सूचना दी। उधर घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत पांडेय ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। सूचना पर सीओ सदर फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ की। फिलहाल प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत पांडेय ने बताया कि परिजन आए हैं बातचीत हो रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।